
दिल्ली से हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। लाल किले परिसर में जैन धार्मिक समारोह से करीब एक करोड़ रुपये कीमत का कलश चोरी हो गया था। अब क्राइम ब्रांच ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 3 सितंबर को एक प्रार्थना समारोह के दौरान हुई थी, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने धोती और चुन्नी पहनकर खुद को जैन समुदाय का दिखाया और बड़ी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूषण वर्मा के रूप में हुई है, जिसे उत्तर प्रदेश के हापुड़ से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि सिर्फ एक नहीं बल्कि तीन कलश चोरी हुए थे। फिलहाल पुलिस ने एक कलश बरामद कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि चोरी हुआ कलश सोने और हीरे से जड़ा था और इसका जैन समाज में गहरा धार्मिक महत्व है।

