देशभर में रविवार को गणेश विसर्जन धूमधाम से संपन्न हुआ, लेकिन कर्नाटक के मांड्या जिले में माहौल बिगड़ गया। मद्दुर कस्बे में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान सांप्रदायिक झड़प छिड़ गई। सूत्रों के मुताबिक, राम रहीम नगर इलाके में जब शोभायात्रा गुजर रही थी तभी दो समुदायों के युवकों में झड़प हो गई और कथित तौर पर पथराव शुरू हो गया।

देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुँचे और हालात पर काबू पाया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मद्दुर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। पुलिस ने ही कड़ी सुरक्षा के बीच प्रतिमा विसर्जन कराया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

