
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम से सोमवार सुबह बड़ी खबर आई है। सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकी ढेर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ गुड्डार वन क्षेत्र में शुरू हुई। सुरक्षाबल जब तलाशी अभियान चला रहे थे तभी गोलीबारी हुई। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई। एनकाउंटर में एक आतंकी मारा गया है, जिसकी लाश सेब के बाग में पड़ी मिली। तस्वीर भी सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इलाके में अभी दो और आतंकवादी छिपे होने की आशंका है। ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की एसओजी संयुक्त रूप से जुटी हुई है। फिलहाल सुरक्षाबल पूरे इलाके की सघन तलाशी कर रहे हैं और किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए अतिरिक्त जवान भी तैनात कर दिए गए हैं।

