
राजस्थान की राजधानी जयपुर में बीती रात बड़ा हादसा हुआ। सुभाष चौक इलाके में रामकुमार धवई की गली के पास एक पुरानी रिहायशी इमारत का हिस्सा अचानक गिर गया। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। एडीसीपी नॉर्थ दुर्ग सिंह राजपुरोहित ने बताया कि इमारत में करीब 19 किराएदार रहते थे। हादसा रात करीब सवा एक बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव शुरू किया। सिविल डिफेंस के डिप्टी कंट्रोलर अमित शर्मा के मुताबिक, लगातार बारिश और नमी की वजह से इमारत की नींव कमजोर हो गई थी। फिलहाल 5 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। बारिश से जयपुर की कई पुरानी इमारतों की हालत बिगड़ चुकी है। इस घटना के बाद प्रशासन ने पुरानी इमारतों की जांच और मरम्मत की जरूरत पर जोर दिया है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

