गिरिडीह लोकसभा सांसद माननीय चंद्र प्रकाश चौधरी ने बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध खनन पर गहरी चिंता जताई है। सांसद ने आरोप लगाया है कि उनके कई बार पत्राचार और चेतावनियों के बावजूद बीसीसीएल प्रबंधन और राज्य प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोयला चोरी और अवैध उत्खनन तेज़ी से बढ़ रहा है, जिसका ताज़ा उदाहरण रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत अंबे माइनिंग में हुई घटना है। सांसद ने चेतावनी दी कि अगर बीसीसीएल, आउटसोर्सिंग कंपनियों और जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई नहीं की,

तो इसके गंभीर परिणाम होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी बीसीसीएल प्रबंधन की होगी। चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग कंपनियों को पहले ही काम बंद रखने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उनके निर्देशों की अवहेलना कर मनमाने तरीके से कार्य जारी रखा गया। उन्होंने बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग कंपनियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासनिक संरक्षण के बिना इस तरह की अवैध गतिविधियाँ संभव ही नहीं हैं।

