जिले के मोहनियां वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के रोल मॉडल कॉलेज के रूप में चर्चित महाराणा प्रताप महाविद्यालय का शैक्षणिक माहौल काफी बदल गया है। पिछले एक माह से इस महाविद्यालय में चल रहे फ्री ट्यूटोरियल क्लास में बच्चों की उपस्थिति बढ़ रही है। एक महीने पूरे होने पर महाविद्यालय ने टेस्ट परीक्षा आयोजित की। इस परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राओं से प्रतियोगी परीक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे जो पढ़ाई हुई थी उसी के अनुसार प्रश्न पत्र तैयार भी किए गए थे परीक्षा के बाद परिणाम भी घोषित कर दिए गए। घोषित परिणाम में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को

पुरस्कृत करने की तैयारी की जा रही है। शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ महातिम सिंह और फ्री ट्यूटोरियल क्लास के डायरेक्टर डॉ उदय प्रताप सिंह ने शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय प्रशासन इस ट्यूटोरियल क्लास को और वृहद पैमाने पर आगे बढ़ाने में लगा हुआ है। श्रम संसाधन विभाग की ओर से महाविद्यालय में चल रहे करियर इनफार्मेशन सेंटर से इसको जोड़ने की तैयारी चल रही है। इसके लिए भी पत्र लिखा गया है। महाविद्यालय प्रशासन फ्री ट्यूटोरियल क्लास का लाभ उठाने के लिए जिले के सभी छात्र-छात्राओं का आह्वान कर रहा है कि वह जाकर महाविद्यालय द्वारा दी जा रही सुविधा का लाभ उठाकर अपने करियर को संवारने में लग जाए।

