
दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सराय रोहिल्ला की टीम ने अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ और अन्य इलाकों में लगातार छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी में पुलिस ने 12 देसी पिस्तौल और 250 से ज्यादा पिस्तौलें बनाने का कच्चा माल बरामद किया है। दरअसल मामला सराय रोहिल्ला थाने में दर्ज शिकायत से जुड़ा है, जिसमें एक महिला ने आरोप लगाया था कि उसके भाई पर फायरिंग की गई थी। जांच में सामने आया कि इस घटना में एक नाबालिग शामिल था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में नाबालिग ने खुलासा किया कि उसने देसी पिस्तौल अलीगढ़ से खरीदी थी। पुलिस ने जानकारी के आधार पर अलीगढ़ के जट्टारी पिशावा रोड स्थित एक खेत में छापेमारी की। यहां दो कमरों में बड़े पैमाने पर अवैध हथियार बनाए जा रहे थे। मौके से हथियार और कच्चा माल बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

