जम्मू में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब शहर की लाइफलाइन पर भी दिखाई देने लगा है। भगवती नगर इलाके में बने चौथे तवी पुल को बारिश के कारण गंभीर नुकसान पहुंचा है। इस पुल पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन अचानक आई बारिश और तेज़ बहाव ने पुल की संरचना को प्रभावित कर दिया। हालात की गंभीरता को देखते हुए सेना की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। फिलहाल पुल पर यातायात रोक दिया गया है, ताकि किसी तरह की अनहोनी से

बचा जा सके। सेना के इंजीनियर और स्थानीय प्रशासन मिलकर पुल की मरम्मत और मजबूती के काम में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहनों की आवाजाही दोबारा बहाल कर दी जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

