पाकुड़ जिले में कुल 500 लाभुकों के बीच पीएम जनमन एवं पीएम आवास ग्रामीण योजना का हुआ गृह प्रवेश उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत घाघरजानी पंचायत के रामनाथपुर पहाड़िया टोला में संयुक्त रूप से लाभुक के नवनिर्मित पीएम जनमन आवास का फीता काटकर व नारियल फोड़ कर गृह प्रवेश कराया। लाभुक ने सरकार व जिला प्रशासन के प्रति अपना आभार जताया। कहा कि हमलोगों के पास रहने के लिए मकान नहीं था। कच्चे मकान में किसी तरह गुजर बसर करते थे। सरकार के मदद से आज हमलोगों के पास पक्का का मकान बन गया। उपायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान योजना की शुरुआत देश के कमजोर जनजातीय समूहों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से की गई है। इस योजना के अंतर्गत आदिवासी समुदायों को आवास, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य

बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जा रही है ताकि अब तक सबसे निचले तबके के जरूरतमंद लोगों को सुविधा उपलब्ध हो सके। पूरे जिले में कुल 500 आवास, पीएम जनमन एवं पीएम आवास योजना के तहत एक साथ गृह प्रवेश कराया गया। पाकुड़ जिला के सभी प्रखण्डों में पीएम जनमन एवं पीएम आवास ग्रामीण के तहत गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे जिले में 500 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। सभी प्रखण्ड़ों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं वरीय पदाधिकारियों ने लाभुकों को गृह प्रवेश करवाया।

