ओडिशा से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ब्रह्मपुर का रहने वाला 22 वर्षीय यूट्यूबर सागर कुंडू, रील बनाते समय कोरापुट जिले के दुदुमा झरने की तेज धाराओं में बह गया और अब तक लापता है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 23 अगस्त को हुई थी। सागर अपने दोस्तों के साथ झरने पर वीडियो शूट करने गया था। दोस्तों ने कई बार उसे बढ़ते जलस्तर को लेकर चेतावनी दी, लेकिन वह झरने में उतर गया। इसी बीच मचकुंड बांध से पानी छोड़े जाने के कारण तेज बहाव आया और सागर बह गया। सोशल

मीडिया पर घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। एनडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें लगातार खोजबीन कर रही हैं। अब तक उसका बैग और उपकरण बरामद हुए हैं, लेकिन सागर का कोई सुराग नहीं मिला है। दुदुमा झरना ओडिशा के सबसे ऊंचे और खतरनाक झरनों में से एक माना जाता है। बचाव दल लगातार तलाश में जुटा है, लेकिन ऊबड़-खाबड़ इलाके और भारी बारिश के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

