गाज़ा पट्टी में इजरायली सेना के हवाई हमले से बड़ा हादसा हो गया। दक्षिणी गाज़ा के नासेर अस्पताल पर हुए हमले में 20 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 5 पत्रकार भी शामिल हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना को “दुखद हादसा” बताया और कहा कि सेना इसकी जांच कर रही है। अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, पहला हमला चौथी मंज़िल पर हुआ जहां ऑपरेटिंग रूम और डॉक्टरों के आवास थे।

इसके बाद जब बचावकर्मी और पत्रकार घटनास्थल की ओर बढ़ रहे थे, तभी दूसरी मिसाइल सीढ़ियों पर आकर गिरी, जिसमें ज़्यादातर लोग मारे गए। मृतकों में एपी की पत्रकार मरयम दग्गा, अल जज़ीरा के मोहम्मद सलाम और रॉयटर्स के कैमरामैन हुसाम अल-मसरी शामिल हैं। पत्रकार सुरक्षा समिति के अनुसार, इजरायल-हमास जंग में अब तक 192 पत्रकार अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं अस्पताल में कर्मचारियों की कमी और लगातार बढ़ते मरीज हालात को और गंभीर बना रहे हैं।

