
भारतीय नौसेना की ताकत आज और बढ़ गई है। दोपहर 2:45 बजे, स्टेल्थ फ्रिगेट INS उदयगिरि और INS हिमगिरि नौसेना बेड़े में शामिल हो गए। यह पहला मौका है जब दो अलग-अलग भारतीय शिपयार्डों में बने युद्धपोत एक साथ कमीशन किए गए। INS उदयगिरि को मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स, मुंबई ने और INS हिमगिरि को GRSE, कोलकाता ने तैयार किया है। दोनों का वजन 6,670 टन और लंबाई 149 मीटर है। ये पोत ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल, उन्नत सोनार सिस्टम और सी किंग हेलिकॉप्टर से लैस हैं। इनकी रेंज 10,000 किलोमीटर से ज्यादा है और ये दुश्मन की मिसाइल व ड्रोन को भी मार गिराने में सक्षम हैं। इन युद्धपोतों के जुड़ने से अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर में भारत की समुद्री निगरानी और भी मजबूत होगी। प्रोजेक्ट 17ए के तहत बने ये फ्रिगेट्स इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन और पाकिस्तान की हरकतों पर भी पैनी नज़र रखेंगे।

