
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर भेजी गई शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया है। ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने में वह भारत के योगदान पर भरोसा कर रहे हैं। उन्होंने शांति और संवाद के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की भी सराहना की। ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पूरी दुनिया इस भयानक युद्ध को गरिमा और स्थायी शांति के साथ समाप्त करने का प्रयास कर रही है, और ऐसे समय में भारत की भूमिका बेहद अहम है। पीएम मोदी ने भी ज़ेलेंस्की को पत्र लिखकर धन्यवाद दिया और यूक्रेन के लोगों को उनके स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मोदी ने पिछले साल की अपनी कीव यात्रा को भी याद किया। यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल खरीदने पर भारत पर दंडात्मक टैरिफ लगाने की समयसीमा तय की है।

