भारतीय क्रिकेट टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत में उनकी भूमिका हमेशा याद की जाएगी। पुजारा का नाम टेस्ट क्रिकेट में धैर्य और संघर्ष की मिसाल बन चुका है। 2017 में रांची टेस्ट के दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 525 गेंदें खेलते हुए 202 रन बनाए और टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा गेंदों का सामना करने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। इस सूची में राहुल द्रविड़ दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 2004 में पाकिस्तान के

खिलाफ 495 गेंदों का सामना किया। नवजोत सिंह सिद्धू 491 गेंदों के साथ तीसरे, रवि शास्त्री 477 गेंदों के साथ चौथे और सुनील गावस्कर 472 गेंदों के साथ पांचवें नंबर पर हैं। पुजारा के संन्यास के साथ भारतीय क्रिकेट एक ऐसे योद्धा को विदाई दे रहा है जिसने अपनी जुझारू बल्लेबाजी से टीम को कई बार मुश्किल हालात से निकाला।

