
कर्नाटक विधानसभा में शुक्रवार को एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला। उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने आरसीबी के सम्मान समारोह के दौरान हुई भगदड़ पर चर्चा के बीच अचानक आरएसएस की शाखाओं में गाई जाने वाली प्रार्थना ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ की पंक्तियां गा दीं। दरअसल, बीजेपी विधायक उन पर आरोप लगा रहे थे कि आरसीबी टीम के बेंगलुरु आगमन पर वह खिलाड़ियों को लेने एयरपोर्ट गए और पूरे रास्ते कन्नड़ झंडा लहराते रहे, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई। जवाब में शिवकुमार ने कहा कि वे कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के सदस्य हैं और बेंगलुरु के प्रभारी मंत्री होने के नाते कार्यक्रम में गए थे। उन्होंने साफ कहा—“मैंने अपना काम किया।” उनके प्रार्थना गाने पर भाजपा खेमे ने मेजें थपथपाईं, जबकि कांग्रेस विधायकों में सन्नाटा छा गया। भाजपा ने चुटकी लेते हुए कहा—“उम्मीद है कि ये पंक्तियां रिकॉर्ड से नहीं हटेंगी।”

