नेटफ्लिक्स का सुपरहिट कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 3’ इस वक्त सुर्खियों में है। शो अपनी मस्ती और गेस्ट अपीयरेंस को लेकर चर्चा बटोर ही रहा था, लेकिन अब एक नए विवाद ने सबको चौंका दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में शो के दो बड़े चेहरे कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा आपस में बहस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों के बीच सेट पर तीखी नोकझोंक हो रही है और बाकी लोग उन्हें शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं।

हालांकि, कृष्णा बाद में सफाई देते हुए कीकू से कहते दिखे कि उन्हें कोई परेशानी नहीं है और वो उन्हें पसंद करते हैं, लेकिन कीकू की नाराज़गी साफ झलक रही थी। माना जा रहा है कि किसी सीन को लेकर दोनों के बीच तकरार हुई। वीडियो वायरल होने के बाद फैंस भी कंफ्यूज़ हैं। कुछ लोग इसे असली झगड़ा मान रहे हैं तो कुछ का कहना है कि यह सिर्फ एक प्रैंक या शो का पब्लिसिटी स्टंट है। दिलचस्प बात यह है कि अब तक न कृष्णा, न कीकू और न ही शो की टीम की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान आया है। जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, फैंस के बीच यह सस्पेंस और चर्चाएं ऐसे ही बढ़ती रहेंगी।

