ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। ब्राजील की संघीय पुलिस की रिपोर्ट में सामने आया कि तख्तापलट की साजिश के आरोपों में घिरे बोलसोनारो अर्जेंटीना भागकर वहां के राष्ट्रपति जेवियर माइली से राजनीतिक शरण मांगने वाले थे। जांच के दौरान उनके फोन से मिले मैसेज और वॉयस रिकॉर्डिंग्स में यह योजना साफ हुई। रिपोर्ट के मुताबिक बोलसोनारो ने 10 फरवरी 2024 को शरण के लिए अर्जेंटीना सरकार को औपचारिक अनुरोध पत्र का मसौदा भी तैयार कर लिया था।

33 पन्नों के इस पत्र में उन्होंने खुद को राजनीतिक उत्पीड़न का शिकार बताते हुए अपनी जान को खतरा बताया। इतना ही नहीं, बोलसोनारो और उनके बेटे पर अब न्याय में बाधा डालने के नए आरोप भी लगे हैं। इसी बीच यह भी सामने आया कि बोलसोनारो ने ब्रासीलिया स्थित हंगरी दूतावास में दो रातें बिताईं, जिससे गिरफ्तारी से बचने की कोशिश की अटकलें और तेज हो गईं। हालांकि, अर्जेंटीना की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

