
अमेरिका और भारत के बीच बढ़ते टैरिफ विवाद के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर इन दिनों रूस की यात्रा पर हैं। अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने पर भारत पर 50% तक का टैरिफ लगा दिया है। ऐसे में भारत और रूस मिलकर इस चुनौती से निपटने की नई रणनीति बनाने पर काम कर रहे हैं। मॉस्को में जयशंकर ने रूस के प्रमुख विद्वानों और थिंक टैंक प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान भारत-रूस संबंधों, वैश्विक भू-राजनीति और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने कहा कि भारत और रूस पारंपरिक सहयोगी और घनिष्ठ मित्र रहे हैं और दोनों देश आपसी संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत-रूस की यह बढ़ती नजदीकी अमेरिका के लिए चिंता का कारण बन सकती है। दोनों देश न केवल ऊर्जा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं, बल्कि अमेरिकी प्रतिबंधों से निपटने का रास्ता भी तलाश सकते हैं।

