
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला अब एक सुनियोजित साजिश बताया जा रहा है। शालीमार बाग स्थित सीएम आवास से मिले CCTV फुटेज में स्पष्ट दिखा कि आरोपी ने घटना से कम से कम 24 घंटे पहले रेकी की थी और वीडियो भी बनाया था। यह फुटेज पुलिस के पास है और गहन जांच जारी है। घटना के दौरान जनसुनवाई में मौजूद आरोपी ने अर्जी देने के बहाने सीएम के पास जाकर अचानक उन पर हमला किया। धक्का-मुक्की में रेखा गुप्ता का सिर टेबल से टकरा गया और उन्हें हल्की चोट आई। आरोपी की पहचान राजेश खिमजी सकारिया (41), निवासी राजकोट, गुजरात के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका कोई परिजन जेल में है और उसे छुड़वाने के लिए वह अर्जी लेकर आया था। फिलहाल आरोपी से सिविल लाइंस थाने में पूछताछ हो रही है। सीएम की हालत स्थिर है और डॉक्टरों ने उन्हें सामान्य बताया है। भाजपा नेताओं ने कहा है कि रेखा गुप्ता मज़बूत महिला हैं और जनसुनवाई का कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा।

