
तिथि भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम एवं बैगलेस डे का बच्चों ने उठाया लुत्फ, उपायुक्त को अतिथि बनाकर बच्चों ने कराया भोजन प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना अन्तर्गत जिला के मध्याह्न भोजन संचालित विद्यालयों में सोमवार को छात्र-छात्राओं के लिए तिथि भोज सह जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। इस तिथि भोज के सफल क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार लिट्टीपाड़ा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय नवाडीह-2 में तिथि भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उपायुक्त के अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा संजय कुमार ने बच्चों के साथ तिथि भोजन सह जन्मोत्सव का आनंद लिया।उपायुक्त ने बताया कि तिथि भोजन सह जन्मोत्सव के अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत छात्र- छात्राओं को, समुदाय-समाज के बुद्धिजीवी, विशिष्ट, गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी या विभिन्न कार्यालयों द्वारा विशेष दिवस पर एमडीएम के मेनू से अलग हटकर खास भोजन की व्यवस्था की जाती है। यह एक अवसर है जब लोग अपनी खुशियों को सरकारी विद्यालयों के बच्चों के साथ मिलकर और बढ़ा सकते हैं। तिथि भोजन को लेकर विद्यालय के छात्र- छात्राएं उत्साहित थे। ऐसे विशेष अवसर पर विद्यालय में बच्चों के लिए तिथि भोज का आयोजन हो, जिससे बच्चों का भी मनोबल बढ़ता रहे। साथ ही उपायुक्त ने बताया कि शिक्षा विभाग में कई सारे कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं जैसे बोलेगा पाकुड़, बाल चौपाल, आज क्या सीख, फिर से स्कूल चले हम इन सब कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों की उपस्थिति को बढ़ाना है। बच्चों की नियमित उपस्थिति, पोषण आहार की गुणवत्ता तथा शिक्षा संबंधी गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने का निर्देश शिक्षकों को दिया। उपायुक्त ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।

