भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के यूजर्स के लिए बड़ी खबर। OpenAI ने ChatGPT Go प्लान लॉन्च कर दिया है। ये अब तक का सबसे सस्ता सब्सक्रिप्शन प्लान है, जिसकी कीमत सिर्फ 399 रुपये प्रति माह रखी गई है। कंपनी का कहना है कि अब सभी ChatGPT प्लान की पेमेंट यूपीआई के जरिए आसानी से की जा सकेगी। OpenAI के मुताबिक, ChatGPT Go का मकसद भारत में एडवांस्ड एआई फीचर्स को और अधिक सुलभ व किफायती बनाना है।

इसके अलावा ChatGPT Plus (1999 रुपये) और ChatGPT Pro (19,900 रुपये) जैसे प्लान भी उपलब्ध हैं। कंपनी ने बताया कि अमेरिका के बाद भारत ChatGPT का दूसरा सबसे बड़ा और सबसे तेजी से बढ़ता हुआ बाजार है। OpenAI के वाइस प्रेसिडेंट निक टर्ली और सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा कि भारत में यूजर्स जिस तरह सीखने, काम करने और रचनात्मकता के लिए एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं, वो बेहद प्रेरणादायक है।

