
मतदाता अधिकार यात्रा के तहत मंगलवार को वारिसलीगंज में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता रोड शो करेंगे। कार्यक्रम को लेकर झारखंड कांग्रेस के नेता गाड़ियों के काफिले के साथ बिहार पहुँच चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह और कई विधायक नवादा में राहुल गांधी की रैली में शामिल होंगे। सोमवार को हुई तैयारी बैठक में कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं, ताकि रोड शो को भव्य बनाया जा सके। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि नेताओं का काफिला शाम करीब चार बजे वारिसलीगंज पहुँचेगा, जहाँ खरांठ मोड़ पर उनका जोरदार स्वागत होगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से महागठबंधन जनता से जुड़ाव और वोट अधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश देगा।

