
18 अगस्त 2025 को जयपुर, राजस्थान में एक भव्य समारोह आयोजित हुआ, जहाँ देश को उसकी नई मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मिल गई हैं। ये ख़िताब अपने नाम किया है मनिका विश्वकर्मा ने। मनिका को यह ताज मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा ने पहनाया। अब मनिका नवंबर में थाईलैंड में होने वाले 74वें मिस यूनिवर्स पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। 👉 आपको बता दें कि मनिका मूल रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर की रहने वाली हैं और फिलहाल दिल्ली में रहकर पॉलिटिकल साइंस और इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रही हैं। वह सिर्फ मॉडल ही नहीं, बल्कि समाजसेवा और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी लगातार काम करती रही हैं। मनिका ने “न्यूरोनोवा” नामक प्लेटफॉर्म की स्थापना की है, जो न्यूरोडायवर्जेंट लोगों के लिए जागरूकता फैलाता है। इसके अलावा वह एक प्रशिक्षित NCC कैडेट, क्लासिकल डांसर और आर्टिस्ट भी हैं। अपनी इस उपलब्धि पर मनिका ने कहा कि— “एक अध्याय को बंद करके दूसरे की शुरुआत करना कोई संयोग नहीं बल्कि नियति है।” अब सारी निगाहें 21 नवंबर को थाईलैंड में होने वाले मिस यूनिवर्स पेजेंट पर टिकी हैं, जहाँ मनिका भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी और देश को गौरवान्वित करने का प्रयास करेंगी।

