
चेन्नई में जारी बुची बाबू ट्रॉफी के तीसरे मैच में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की टीमें आमने-सामने हैं। पहले दिन का खेल महाराष्ट्र के पक्ष में रहा। छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 89.3(nawasi) ओवरों में 252 रन बनाए। टीम की ओर से संजीत देसाई ने शानदार 93 रन बनाए, जबकि अविनाश सिंह ने अर्धशतक जमाया। हालांकि बाकी बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। महाराष्ट्र की ओर से हितेश वलुंज और विक्की ओस्टवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट लिए। दिन का सबसे खास पल तब आया जब कप्तान अंकित बावने ने अंतिम ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ को गेंद थमाई। गायकवाड़ ने अपनी चौथी ही गेंद पर सौरभ मजूमदार को आउट कर छत्तीसगढ़ की पारी को 252 रन पर समेट दिया। मैदान पर ऋतुराज गायकवाड़ की गेंदबाजी और पृथ्वी शॉ की बेहतरीन फील्डिंग ने सबको प्रभावित किया। अब सबकी निगाहें दूसरे दिन महाराष्ट्र की बल्लेबाजी पर टिकी होंगी।

