
कोच्चि से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-504 में बड़ी तकनीकी खराबी सामने आई। रविवार देर रात टेकऑफ से ठीक पहले पायलट ने समस्या महसूस की और तुरंत एटीसी से संपर्क कर उड़ान रोक दी। एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि कॉकपिट क्रू ने प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को वापस बे में ले जाकर रखरखाव जांच शुरू कर दी है। यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की गई। इस फ्लाइट में कांग्रेस सांसद हिबी ईडन और राज्यसभा सांसद जेबी मथर भी सवार थे। ईडन ने कहा कि उन्हें ऐसा लगा जैसे विमान रनवे पर फिसल गया हो। वहीं मथर ने बताया कि पायलट ने घोषणा की कि यह विमान यात्रा के लिए सुरक्षित नहीं है और यात्रियों को अन्य विमान में शिफ्ट किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही एयर इंडिया की मिलान-दिल्ली फ्लाइट पुशबैक के दौरान तकनीकी खराबी की वजह से रद्द करनी पड़ी थी। लगातार सामने आ रही तकनीकी खामियों को लेकर यात्री चिंता जता रहे हैं।

