
अमेरिका से एक और गोलीबारी की दर्दनाक खबर सामने आई है। न्यूयॉर्क शहर के ब्रुकलिन इलाके के क्राउन हाइट्स स्थित एक भीड़भाड़ वाले क्लब “टेस्ट ऑफ द सिटी लाउंज” में रविवार तड़के फायरिंग की घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग घायल हुए हैं। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग की आयुक्त जेसिका टिश ने बताया कि हमलावर एक या एक से अधिक हो सकते हैं। गोलीबारी की शुरुआत क्लब में हुए विवाद के बाद हुई थी। पुलिस को घटनास्थल से 36 खोखे मिले हैं और पास की गली से एक हथियार भी बरामद किया गया है। घायल 8 लोगों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 50 सालों में गन कल्चर की वजह से 15 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।

