राजधानी दिल्ली में एक और खौफनाक हादसा सामने आया है। मोती नगर इलाके में देर रात तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार बैजू साहू को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। मृतक बैजू साहू यूपी के गोंडा के रहने वाले थे और पांच बच्चों के पिता थे। वह परिवार के अकेले कमाने वाले शख्स थे, जिनकी मौत से पूरा घर सदमे में है।

जानकारी के अनुसार, बैजू की बाइक एक ट्रक के पीछे चल रही थी। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और फिर खुद भी ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और थार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। थार से शराब की बोतलें बरामद हुईं, जिससे आशंका है कि चालक नशे में था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज हासिल कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

