
सीबीआई ने 26 साल बाद हत्या के एक फरार आरोपी को पकड़ लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहम्मद दिलशाद है, जिस पर 1999 में सऊदी अरब के रियाद में हत्या का आरोप है। हत्या के बाद वह भारत लौट आया और नकली पहचान बनाकर नया पासपोर्ट हासिल कर लिया। इसी आधार पर उसने भारत सहित कई देशों की यात्रा की और पुलिस की पकड़ से बचता रहा। सऊदी अधिकारियों के अनुरोध पर सीबीआई ने अप्रैल 2022 में मामला दर्ज किया था। जांच में पता चला कि दिलशाद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) से ताल्लुक रखता है। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी हुआ, लेकिन वह बार-बार पासपोर्ट बदलकर कतर, कुवैत और सऊदी अरब जैसे देशों में घूमता रहा। आखिरकार 11 अगस्त को तकनीकी सुरागों और ह्यूमैन इंटेलिजेंस के आधार पर सीबीआई ने नई दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के वक्त वह मदीना से नई दिल्ली आ रहा था। आरोपी की उम्र करीब 52 साल है।

