एआई के गॉडफादर और नोबेल प्राइज विजेता कंप्यूटर वैज्ञानिक जेफ्री हिंटन ने ऐसी भविष्यवाणी की है जिसने दुनियाभर में हलचल मचा दी है। लास वेगस में आयोजित Ai4 कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि अगर एआई में 10 से 20 प्रतिशत भी बदलाव होता है तो इंसानियत का अंत हो सकता है। एआई इंसानों पर हावी होकर उन्हें कंट्रोल करना शुरू कर सकता है। गूगल के पूर्व वैज्ञानिक हिंटन ने चेतावनी दी कि टेक कंपनियां एआई को इंसानों पर हावी करने की कोशिश कर रही हैं, जो खतरनाक साबित हो सकता है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह बड़े लोग बच्चों को कैंडी देकर फुसलाते हैं, वैसे ही भविष्य में एआई इंसानों को धोखा देकर अपनी बात मनवा सकता है। उन्होंने समाधान भी सुझाया कि एआई मॉडल में “मातृत्व की भावना” विकसित करनी होगी ताकि वे इंसानों का ख्याल रख सकें। हिंटन का कहना है कि यदि एआई केवल शक्ति और कंट्रोल चाहता रहा, तो यह मानव सभ्यता के खात्मे की शुरुआत होगी।

