पाकुड़ पॉलिटेक्निक में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्ष और देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोपण से हुई, जो इस वर्ष एक अद्वितीय मिसाल बन गया जब कॉलेज के निर्देशक अमिया रंजन बडाजेना, कॉलेज के प्रशासनिक प्रमुख निखिल चंद्र और कॉलेज की प्राचार्या सुषमा यादव की उपस्थिति में संस्थान के सफाई कर्मी के हाथों राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अनोखी पहल ने उपस्थित सभी को भावुक कर दिया और समाज में समानता, सम्मान और एकता का सशक्त संदेश दिया।ध्वजारोपण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ जिसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। छात्रों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और कविता पाठ के माध्यम से देश के प्रति अपनी श्रद्धा और गर्व व्यक्त किया।

शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन किया और भारत की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया।प्राचार्या सुषमा यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी अवसर है। कॉलेज के निर्देशक अमिया रंजन बडाजेना ने सफाई कर्मी के हाथों ध्वजारोपण को संस्थान के मानवीय मूल्यों और आपसी सम्मान का प्रतीक बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षकों और छात्रों की सक्रिय भागीदारी से हुआ और अंत में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत माहौल में इसका समापन किया गया।

