
स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सुरक्षा को लेकर “मिशन सुदर्शन चक्र” लॉन्च करने की घोषणा की। यह आधुनिक तकनीक आधारित राष्ट्रीय सुरक्षा कवच होगा, जो 2035 तक भारत के सभी अहम स्थलों — सामरिक ठिकानों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों और आस्था केंद्रों — को कवर करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि समृद्धि का महत्व तभी है जब उसके साथ सुरक्षा भी हो। यह मिशन डिफेंस और अटैक दोनों क्षमताओं से लैस होगा, दुश्मन के हमले को न सिर्फ निष्क्रिय करेगा बल्कि कई गुना तेज पलटवार भी करेगा। उन्होंने सुदर्शन चक्र की पौराणिक कथा का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे महाभारत में भगवान कृष्ण ने अपने चक्र से अर्जुन की प्रतिज्ञा पूरी कराई थी, वैसे ही यह मिशन भी टारगेट-आधारित, सटीक और आत्मनिर्भर तकनीक पर आधारित होगा। इसकी मैन्युफैक्चरिंग और रिसर्च पूरी तरह देश में ही होगी और इसे “प्लस वन” रणनीति से लगातार अपग्रेड किया जाएगा।

