हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति ज़िले की मयाड़ घाटी में लगातार बारिश के बीच बादल फटने से भारी तबाही मच गई। अचानक आई बाढ़ में तीन पुल बह गए और छह गांवों में अफरा-तफरी मच गई। नालों के उफान से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए, मोबाइल नेटवर्क ठप हो गया और किसानों की फसलें व खेत बह गए। घटना रविवार शाम करीब 7 बजे गुधर, करपट, चांगुट, उदगोस और तिंगरेट नालों में बादल फटने से हुई। करपट, चांगुट और उदगोस नालों पर बने पुल पूरी तरह बह गए, जबकि मयाड़ नाले का बड़ा

पुल पानी में डूब गया। प्रशासन ने सुबह राहत कार्य शुरू कर दिया। उपमंडल, लोक निर्माण, जल शक्ति और राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंची और करपट गांव में राशन पहुंचाया। उपायुक्त किरण भडाना ने बताया कि नुकसान का आकलन जारी है, राहत कार्य तेज़ी से हो रहा है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

