
नोएडा के फेज वन थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 में बुधवार दोपहर एक तीन मंजिला टावर की फर्नीचर दुकान में भीषण आग लग गई। घटना के समय अंदर मौजूद चार-पांच लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। आग इतनी तेज थी कि दमकल की 10 गाड़ियों और ब्रीदिंग किट से लैस टीम को इसे काबू करने में एक घंटे से ज्यादा समय लगा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि टावर में चार फर्नीचर की दुकानें हैं और आग लगने से ऊपर वाले तल का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जांच के बाद दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण लेने की सलाह दी गई है।

