उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक भीषण सड़क हादसा उस समय हुआ, जब बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही कांट्रेक्ट पर चल रही रोडवेज बस के ऊपर अचानक भारी-भरकम पेड़ गिर गया। हादसा जैदपुर थाना क्षेत्र के हरख चौराहे के पास हुआ। इस दर्दनाक घटना में बस चालक समेत चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। पेड़ गिरते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्री खिड़की से कूदकर जान बचाने लगे, वहीं कुछ लोग खिड़कियों से अंदर घुसकर अपनों को बचाने में जुट गए।

हादसे के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पुलिस, वन विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और जेसीबी मशीन से पेड़ काटकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

