कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के लिए एक स्कूटी राइड परेशानी का सबब बन गई। बीते मंगलवार को हेब्बाल फ्लाईओवर लूप का निरीक्षण करते समय उन्होंने एक स्कूटी पर सवारी की, जिसका ₹18,500 का ट्रैफिक जुर्माना बकाया था। शिवकुमार ने 5 अगस्त को एक्स (Twitter) पर वीडियो साझा किया जिसमें वे KA04 JZ2087 रजिस्ट्रेशन वाली होंडा डियो चलाते नजर आए।

जांच में पता चला कि इस स्कूटर ने 34 बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया था, जिसमें मोबाइल पर बात करना, सिग्नल तोड़ना, गलत पार्किंग और बिना हेलमेट ड्राइविंग जैसे आरोप शामिल हैं। विपक्षी जेडीएस पार्टी ने इस मुद्दे को उठाकर उपमुख्यमंत्री को घेरा। बाद में, वाहन मालिक ने तुरंत थाने जाकर जुर्माना चुका दिया। हालांकि, स्कूटर पर सवार शिवकुमार और पीछे बैठे व्यक्ति के आधे हेलमेट को लेकर भी सवाल उठे, लेकिन पुलिस ने फिलहाल कोई जुर्माना नहीं लगाया। एक स्कूटी से उठे बड़े राजनीतिक सवाल।

