
हिरणपुर बाजार में खुलेआम ओवरलोड वाहनों का संचालन, प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हिरणपुर बाजार में इन दिनों ओवरलोड स्टोन चिप्स लदे भारी वाहनों का परिचालन धड़ल्ले से हो रहा है। यह स्थिति न सिर्फ सड़क जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को बढ़ा रही है, बल्कि सड़कों को भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन-रात ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे बाजार क्षेत्र में चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। खासकर बाइक वालों के लिए । आश्चर्य की बात यह है कि इतने बड़े पैमाने पर हो रहे इस अवैध संचालन के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं इसमें प्रशासनिक मिलीभगत तो नहीं है। हालांकि, जिला खनन टास्क फोर्स द्वारा लगातार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन उसका जमीनी असर नज़र नहीं आ रहा है। जिलेभर में ओवरलोड वाहनों का संचालन बेधड़क जारी है, जिससे लोगों में नाराज़गी और चिंता का माहौल है।

