
उत्तराखंड के उत्तरकाशी से दिल को दहला देने वाला वीडियो सामने आया है. यहां हर्षिल के धराली में बादल फटा, जिससे तबाही मच गई. हादसे में 12 लोगों के मलबे में दबने की सूचना है. वहीं 60 लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है. इस हादसे में अभी तक 5 लोगों की मौत की खबर है. वहीं 100 से ज्यादा लोग वहां फंसे हुए हैं. बादल फटने का वीडियो भी सामने आया है. इसमें देखा जा सकता है कि कैसे महज 20 सेकंड में सबकुछ तबाह हो गया. उत्तराखंड आपदा पर इमरजेंसी बैठक बुलाई गई है. इसमें राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की जाएगी. आर्मी के हर्षिल कैंप के पास की घटना है. आर्मी की टीम घटना के 10 मिनट में ही मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया. 150 भारतीय सेना के जवान रेस्क्यू में लगे हुए हैं. एंबुलेंस, डॉक्टर की टीम मौके पर है. बड़ी संख्या में लोग मलबे में फंसे हुए हैं.

