
उत्तर प्रदेश के सम्भल में शाही जामा मस्जिद प्रबंध समिति के अध्यक्ष जफर अली की रिहाई पर निकाले गए जुलूस ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। पुलिस ने अली समेत कई लोगों के खिलाफ धारा 163 के तहत मामला दर्ज किया है। दरअसल, जफर अली 1 अगस्त को मुरादाबाद जेल से रिहा हुए थे। इसके बाद 40 किलोमीटर लंबा रोड शो मुरादाबाद से सम्भल तक निकाला गया, जिसमें पुष्पवर्षा और आतिशबाजी भी की गई। यह जुलूस सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। दारोगा आशीष तोमर की तहरीर पर अली, सरफराज, ताहिर, हैदर और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बता दें कि जफर अली 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वेक्षण के दौरान हुई हिंसा के मामले में आरोपी हैं और मार्च 2025 से जेल में बंद थे।

