
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में प्रकृति ने एक बार फिर कहर बरपाया है। धराली गांव के ऊपरी हिस्से में बादल फटने के बाद खीरगंगा नदी में अचानक सैलाब आ गया, जिसने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। 20 से ज्यादा होटल, घर और होमस्टे मलबे में तब्दील हो गए हैं। अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और सेना के 10 जवान लापता हैं। सेना, NDRF, SDRF और पुलिस की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। अब तक 130 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। हर्षिल आर्मी कैंप को भी भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, हरिद्वार में रेलवे ट्रैक पर मलबा गिरने से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर दुख जताते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

