अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 25% टैरिफ की घोषणा के बाद पैदा हुई अनिश्चितता से उबरते हुए भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को सकारात्मक शुरुआत की। बीएसई सेंसेक्स 165.92 अंकों की बढ़त के साथ 80,765.83 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 50 में 30.70 अंकों की तेजी आई और यह 24,596.05 पर खुला। हालांकि आईटी सेक्टर में आज फिर गिरावट देखने को मिली, लेकिन सेंसेक्स की 30 में से 20 कंपनियों ने हरे निशान में कारोबार शुरू किया। अडाणी पोर्ट्स में सबसे अधिक 1.54%

की बढ़त दर्ज की गई, जबकि बजाज फाइनेंस में सबसे ज्यादा 0.44% की गिरावट देखी गई। रिलायंस (0.95%), टाटा स्टील (0.88%), आईटीसी (0.71%), और टीसीएस (0.38%) जैसे दिग्गज शेयरों में सकारात्मक रुझान रहा। वहीं इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और महिंद्रा जैसे आईटी स्टॉक्स में हल्की गिरावट देखी गई। पिछले हफ्ते की लगातार गिरावट के बाद यह बढ़त निवेशकों के लिए कुछ राहत लेकर आई है।

