“महाराष्ट्र की राजनीति में राहें भले ही जुदा हो गई हों, लेकिन पवार परिवार की पारिवारिक एकता अब भी कायम है।” रविवार, 3 अगस्त को मुंबई में शरद पवार के पोते युगेंद्र पवार की सगाई तनिष्का कुलकर्णी से हुई। खास बात ये रही कि इस मौके पर शरद पवार और अजित पवार, दोनों एक साथ नजर आए। राजनीति में गुटबाज़ी के बावजूद पारिवारिक समारोहों में दोनों का एक साथ आना चर्चा का विषय बना। सगाई समारोह में सुप्रिया सुले और रोहित पवार भी मौजूद थे। सुप्रिया सुले ने इस खास मौके की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए नवदंपती को शुभकामनाएं दीं। आपको बता दें, युगेंद्र पवार ने बारामती से अपने चाचा अजित पवार के खिलाफ चुनाव भी

लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। राजनीति में मतभेद के बावजूद पवार परिवार कई बार निजी आयोजनों में एकजुट नजर आया है। इससे पहले अजित पवार के बेटे जय पवार की शादी में भी दोनों नेताओं की मौजूदगी देखी गई थी। पारिवारिक आयोजनों में यह मेल-जोल क्या राजनीतिक समीकरणों में भी कोई बदलाव लाएगा? फिलहाल, ये कहना जल्दबाज़ी होगी, लेकिन तस्वीरें कई संदेश छोड़ गई हैं।

