
ओडिशा के पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। एक युवक स्पाई चश्मे से मंदिर परिसर में फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करता हुआ पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि युवक चश्मे में लगे गुप्त कैमरे की मदद से वीडियो बना रहा था और उन्हें मोबाइल पर ट्रांसफर भी कर रहा था। मंदिर की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। युवक से पूछताछ की जा रही है और उसके मोबाइल डाटा की भी जांच की जा रही है कि उसने अब तक क्या-क्या रिकॉर्ड किया है और किसे भेजा। इस घटना के बाद मंदिर परिसर की सुरक्षा और भी सख्त कर दी गई है। श्रीजगन्नाथ मंदिर में मोबाइल और कैमरे से रिकॉर्डिंग पहले से ही प्रतिबंधित है। ऐसे में यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

