
स्पेन के गिजोन शहर में हुए एयर शो के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। स्पेनिश एयरफोर्स का एफ-18 हॉर्नेट फाइटर जेट अचानक भीड़ की ओर गिरने लगा, जिससे लोगों में भगदड़ मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान से अचानक धुआं निकलता है और वह लड़खड़ाने लगता है। लेकिन आखिरी क्षण में पायलट ने कमाल की सूझबूझ दिखाते हुए विमान को संभाल लिया और दोबारा उड़ान भर ली। स्पेनिश एयरफोर्स ने बयान जारी कर बताया कि उड़ान के दौरान एक पक्षी विमान से टकरा गया था, जिससे संतुलन बिगड़ गया। हालांकि, स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पायलट ने स्थिति को संभाल लिया और सभी सुरक्षित रहे। अगर विमान गिर जाता, तो बीच पर मौजूद सैकड़ों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। पायलट की सतर्कता से एक बड़ी त्रासदी टल गई।

