
न्यूयॉर्क शहर के मिडटाउन मैनहट्टन से एक बड़ी और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सोमवार शाम एक ऑफिस बिल्डिंग में अचानक हुई गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है, जिनमें एक ऑफ-ड्यूटी पुलिस अधिकारी भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, हमलावर की पहचान नेवादा निवासी शेन तमुरा के रूप में हुई है, जिसने वारदात के बाद खुद को भी गोली मार ली। उसके पास से लास वेगास का कंसील्ड कैरी परमिट और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। शाम करीब 6:30 बजे पार्क एवेन्यू की एक हाई-प्रोफाइल ऑफिस बिल्डिंग में गोलियों की आवाज गूंज उठी। यही बिल्डिंग ब्लैकस्टोन, NFL और आयरलैंड के कांसुलेट जनरल जैसे संस्थानों का दफ्तर भी है। जेसिका चेन नाम की एक महिला, जो दूसरी मंज़िल पर एक प्रेजेंटेशन में थीं, उन्होंने बताया कि जैसे ही फायरिंग शुरू हुई, दर्जनों लोग कॉन्फ्रेंस रूम में छिप गए। न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने घटना पर दुख जताया है और कहा कि पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। इस घटना ने एक बार फिर न्यूयॉर्क सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अब ये देखा जा रहा है कि हमलावर अकेला था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी।

