
दिल्ली में मंगलवार सुबह से हो रही बारिश ने राजधानी की रफ्तार थाम दी है। कनॉट प्लेस जैसे प्रमुख इलाके में सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और दुकानों में पानी भर गया है। व्यापारी परेशान हैं, तो राहगीर और वाहनचालक मुश्किल में फंसे हुए हैं। दिल्ली में आज सुबह तक 8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश की संभावना है। बारिश से राजधानी के कई हिस्सों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। लोग ऑफिस और ज़रूरी कामों के लिए देरी से निकल पा रहे हैं। उधर, हिमाचल के मंडी में बादल फटने से 3 लोगों की मौत हो गई और 2 लापता हैं। वहां सैलाब जैसे हालात हैं।

