
उत्तर प्रदेश में रविवार रात बड़ी पुलिस कार्रवाई हुई। यूपी एसटीएफ, हापुड़ पुलिस और बिहार पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 50 हजार के इनामी बदमाश डब्लू यादव को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया। एनकाउंटर हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र में हुआ, जहां मुठभेड़ के दौरान डब्लू यादव को सीने में गोली लगी। गंभीर रूप से घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान डब्लू यादव, निवासी बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है। उस पर हत्या, लूट, रंगदारी समेत 24 आपराधिक मामले दर्ज थे। डब्लू यादव ने हम पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष विकास कुमार की हत्या की थी और 2017 में एक गवाह की भी हत्या कर चुका था। उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित था।

