दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रांगण में अग्निशमन दल द्वारा बच्चों और शिक्षकों के समक्ष विभिन्न तरह के आग से बचाव की जानकारी दी गई। अग्निशमन दल के प्रभारी रमेश कुमार सिंह के निर्देशन में फायरमैन नरेंद्रनाथ उरांव और फायरमैन बैजनाथ राम ने विभिन्न प्रदर्शनों के द्वारा विभिन्न तरह के आग के कारण और उनसे बचाव को प्रदर्शित किया । उन्होंने आग के बारे में जानकारी देते हुए कहा आग मुख्य रूप से तीन श्रेणियों : A, B, और C की होती है।बच्चों को श्रेणी A में कागज, लकड़ी, कपड़ा, रबर और कुछ प्लास्टिक की आग, श्रेणी B में ज्वलनशील तरल पदार्थ जैसे गैसोलीन, पेंट थिनर, ग्रीस, मोटर ऑयल और सॉल्वैंट्स से सम्बंधित आग,श्रेणी C में विद्युत से लगने वाली आग के बारे में जानकारी के अलावा आग लगने से रोकने, बचाव कार्य करने और आपातकालीन चिकित्सा सहायता प्रदान करने की भी जानकारी दी गई।

शिक्षकगण तथा बच्चों को अग्नि की घटनाओं के निवारण और एहतियात के वर्णन के साथ ही साथ उन्हें अग्निशमन यन्त्रों के उपयोग और रखरखाव की भी जानकारी प्रदान की गई। बच्चों को टोल फ्री नंबर 112 तथा पाकुड़ अग्निशमन दल का नंबर 9304953447 की जानकारी देते हुए बताया गया कि अग्नि से सम्बंधित किसी भी अप्रिय घटना से रक्षा हेतु उपरोक्त नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। विद्यालय निदेशक अरुणेंद्र कुमार ने पाकुड़ अग्निशमन दल के इस पहल की काफ़ी सराहना की और उम्मीद जताई की इस पहल से बच्चों के साथ-साथ पूरे समाज में सतर्कता के कारण आग से होने वाली घटनाओं में कमी आएगी।विद्यालय के प्रधानाचार्य जे. के शर्मा ने बच्चों को समझाते हुए कहा कि सावधानी में ही सुरक्षा है।किसी भी अप्रिय घटना के दौरान अपने पर संयम बनाये रखे और अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।

