भारतीय बैडमिंटन स्टार किदांबी श्रीकांत ने कनाडा ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए मेन्स सिंगल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर 6 और चीनी ताइपे के टॉप सीड चोउ टिएन चेन को सीधे गेमों में 21-18, 21-9 से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। 43 मिनट तक चले इस मुकाबले में श्रीकांत ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख दिखाया और पहले गेम में वापसी करने के बाद मुकाबला अपने नाम किया। दूसरे गेम में उन्होंने पूरी तरह से दबदबा बनाया और एकतरफा

अंदाज़ में जीत हासिल की। अब सेमीफाइनल में उनका मुकाबला जापान के केंता निशिमोटो से होगा। दोनों के बीच अब तक 10 मुकाबले हुए हैं, जिनमें श्रीकांत 6 बार विजयी रहे हैं। दूसरी ओर, एस शंकर मुथुसामी और श्रीयांशी वलिसेट्टी को अपने-अपने मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

