मुहर्रम को लेकर लोयाबाद व जोगता पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील लोयाबाद: मुहर्रम पर्व को लेकर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को लोयाबाद और जोगता पुलिस ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च लोयाबाद, बांसजोड़ा, एकड़ा, सेन्द्रा, कनकनी, लोयाबाद 20 नंबर सहित विभिन्न इलाकों से होते हुए जोगता की ओर प्रस्थान किया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व कर रहे लोयाबाद थाना प्रभारी पिकू प्रसाद ने कहा कि मुहर्रम के अवसर पर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों के साथ मार्च निकालकर लोगों में विश्वास पैदा किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि त्योहार के दौरान शांति

व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे से बचें। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी ने शांति भंग करने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जोगता थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने भी सभी से आपसी भाईचारा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। फ्लैग मार्च में एसआई रोहित कुमार महतो, एएसआई मिन्हाज खान, अवधेश सिंह, बिनोद पासवान समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे।

