
अमेरिका में एक बार फिर हिंदू मंदिर निशाने पर है। इस बार यूटा के स्पेनिश फोर्क स्थित विश्वप्रसिद्ध इस्कॉन श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर को अपराधियों ने निशाना बनाया है। रात के समय मंदिर परिसर में करीब 20 से 30 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे मंदिर की इमारत और कीमती नक्काशीदार मेहराबों को नुकसान हुआ है। घटना के वक्त मंदिर में श्रद्धालु मौजूद थे, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। इस हमले की भारत के सैन फ्रांसिस्को स्थित महावाणिज्य दूतावास ने निंदा करते हुए अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि समुदाय के साथ भारत सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है। इससे पहले मार्च में कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स स्थित BAPS स्वामीनारायण मंदिर को अपवित्र किया गया था। CoHNA जैसी संस्थाओं ने इसे बढ़ती हिंदू विरोधी भावना और खालिस्तानी तत्वों की साजिश से जोड़ते हुए गंभीर चिंता जताई है। 2022 से लेकर अब तक अमेरिका में कई हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया गया है — जिससे हिंदू समुदाय डरा-सहमा हुआ है और उन्होंने FBI से इन मामलों की गहन जांच की मांग की है।

